विवेक झा, भोपाल। चौक बहु मंडल द्वारा आयोजित पारिवारिक मिलन समारोह में समाज की बहुओं ने भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की खूबसूरत झलक पेश की। केरवा डेम स्थित एक निजी स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक भारतीय परिधानों से सजी बहुओं के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी संवाद, सामाजिक समरसता और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करना रहा।
सोलह श्रृंगार सामग्री भेंट कर किया स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत चौक बहु मंडल की अध्यक्ष श्रीमती नीलू जैन द्वारा सभी सदस्यों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर उन्होंने सोलह श्रृंगार की सामग्री भेंट कर सभी महिलाओं का अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान पारंपरिक भारतीय संस्कृति और महिला सशक्तिकरण की भावना भी देखने को मिली।

आपसी संवाद से मजबूत हुए रिश्ते
मिलन समारोह में उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे से खुलकर बातचीत की और अपने अनुभव साझा किए। पारिवारिक माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज की महिलाओं को एक-दूसरे को बेहतर ढंग से जानने और समझने का अवसर प्रदान किया। महिलाओं ने सामाजिक और पारिवारिक विषयों पर चर्चा करते हुए रिश्तों को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

गेम्स, नृत्य और फिल्मी तरानों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुराने फिल्मी गीतों और सदाबहार तरानों पर महिलाओं ने नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को आनंदमय बना दिया। कई सदस्यों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
घर से लाए व्यंजनों का लिया स्वाद
समारोह की एक विशेष आकर्षण सामूहिक भोजन व्यवस्था रही। सभी महिलाएं अपने घरों से विशेष व्यंजन बनाकर लाई थीं। इन व्यंजनों को एक-दूसरे के साथ साझा कर सभी ने स्वाद और अपनत्व का आनंद लिया। इस पहल ने आपसी प्रेम और सहयोग की भावना को और मजबूत किया।

सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय है बहु मंडल
समाज के प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि चौक बहु मंडल केवल सामाजिक मेल-मिलाप तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्था की सदस्य शिक्षा, चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। बहु मंडल द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचता है।

इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में अध्यक्ष श्रीमती नीलू जैन, कोषाध्यक्ष श्रीमती कविता जैन, श्रीमती मंजू जैन, उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जैन, मंत्री श्रीमती आरती जैन, मंत्री श्रीमती ज्योति जैन, सांस्कृतिक मंत्री श्रीमती आवृत्ति जैन एवं श्रीमती प्रियंका जैन सहित भावना जैन, सोना जैन, ममता जैन, डिंपल जैन, पूजा जैन, प्रीति जैन, संगीता जैन, रीना जैन, रानी जैन, मनीष जैन, विनीता जैन, पायल जैन, माही जैन, सिल्की जैन, मेघा जैन, अलका जैन, कोपल जैन, दीपिका जैन, नेहा जैन, अनिका जैन, अपेक्षा जैन, ऋतु जैन, अंजना जैन, जयति जैन सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहीं।
भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश
चौक बहु मंडल के इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामाजिक संगठनों के माध्यम से महिलाओं को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और सकारात्मकता का वातावरण भी मजबूत होता है। भारतीय परंपरा, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़े ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।